📰 15 Aug 2026
हटकेश्वरनाथ वॉलीबॉल एसोसिएशन ने स्वतंत्रता दिवस पर एक दिवसीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया
स्वतंत्रता दिवस पर हटकेश्वरनाथ वॉलीबॉल संघ ने आयोजित की एक दिवसीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता
रायपुर, 16 अगस्त 2026। स्वतंत्रता दिवस के पावन पर्व पर हटकेश्वरनाथ वॉलीबॉल संघ, रायपुरा द्वारा 15 अगस्त 2026 को एक दिवसीय स्थानीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया। प्रतियोगिता में रायपुर की स्थानीय टीमों ने हिस्सा लेकर खेल प्रतिभा एवं खेल भावना का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता में सड्डू, पहंदा, अमलेश्वर, एनआईटी रायपुर, मॉर्निंग क्लब तथा हटकेश्वरनाथ वॉलीबॉल संघ की दो टीमों ने भाग लिया।
*प्रतियोगिता का फाइनल* मुकाबला मेजबान हटकेश्वरनाथ वॉलीबॉल क्लब एवं सड्डू की टीम के बीच खेला गया। रोमांचक मुकाबले में मेजबान टीम हटकेश्वरनाथ वॉलीबॉल क्लब ने सड्डू को 3-1 से पराजित कर विजेता का खिताब अपने नाम किया।
प्रतियोगिता के समापन अवसर पर संघ के पदाधिकारियों द्वारा विजेता हटकेश्वरनाथ वॉलीबॉल क्लब को शील्ड एवं ₹3,000 नगद पुरस्कार, उपविजेता सड्डू टीम को शील्ड एवं ₹2,000 नगद पुरस्कार तथा तृतीय स्थान प्राप्त पहंदा टीम को शील्ड एवं ₹1,000 नगद पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर उपस्थित अतिथियों ने विजेता एवं उपविजेता टीमों को बधाई देते हुए कहा कि खेल में हार-जीत लगी रहती है, लेकिन खेल भावना, अनुशासन और आपसी भाईचारा ही खेल की वास्तविक पहचान है। प्रतियोगिता में भाग लेने वाली सभी टीमों ने खेल भावना का परिचय देते हुए शानदार प्रदर्शन किया।
अतिथियों ने सभी खिलाड़ियों को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं तथा कहा कि स्थानीय स्तर पर इस प्रकार की प्रतियोगिताओं के आयोजन से खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने और आगे बढ़ने का अवसर मिलता है।
प्रतियोगिता के सफल आयोजन में हटकेश्वरनाथ वॉलीबॉल संघ के पदाधिकारियों, सदस्यों एवं सहयोगियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित इस प्रतियोगिता ने क्षेत्र में खेल के प्रति उत्साह, अनुशासन और आपसी सौहार्द की भावना को और मजबूत किया।
📰 03 Apr 2026
विधायक श्री राजेश मूणत ने 5 वें अखिल भारतीय वॉलीबॉल टूर्नामेंट 2026 में पुरुषों की मास्टर्स श्रेणी के साथ ओपन गर्ल्स इवेंट का उद्घाटन किया; नए निर्मित भवन का उद्घाटन किया और ₹ 20 लाख के अनुदान की घोषणा की।
प्रेस विज्ञप्ति
राजेश मूणत ने किया 5वीं ऑल इंडिया वॉलीबॉल टूर्नामेंट का शुभारंभ
नवनिर्मित भवन का लोकार्पण, जिम निर्माण हेतु 20 लाख अनुदान की घोषणा
रायपुर। महादेव घाट स्थित हटकेश्वरनाथ वॉलीबॉल ग्राउंड में आयोजित 5वीं ऑल इंडिया वॉलीबॉल टूर्नामेंट 2026 का आज माननीय श्री राजेश मूणत, विधायक एवं पूर्व मंत्री, छत्तीसगढ़ शासन के मुख्य आतिथ्य में भव्य शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर उन्होंने प्रतियोगिता का विधिवत उद्घाटन करने के साथ-साथ नवनिर्मित भवन का लोकार्पण भी किया।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए श्री राजेश मूणत ने कहा कि वॉलीबॉल खेल आज राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अत्यंत लोकप्रिय और प्रसिद्ध हो चुका है। इस खेल में देश और प्रदेश के अनेक खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा के बल पर विशिष्ट पहचान बनाई है और नाम अर्जित किया है। उन्होंने कहा कि खेल केवल प्रतिस्पर्धा का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, स्वास्थ्य, ऊर्जा और सामाजिक समरसता का भी सशक्त आधार है।
इस अवसर पर उन्होंने हटकेश्वरनाथ वॉलीबॉल मैदान में खिलाड़ियों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए अतिरिक्त भवन निर्माण तथा खिलाड़ियों के स्वास्थ्यवर्धन एवं प्रशिक्षण के लिए प्रथम मंजिल में जिम निर्माण हेतु ₹20 लाख के अनुदान देने की घोषणा की। उनकी इस घोषणा से खिलाड़ियों, खेल प्रेमियों और आयोजन समिति में विशेष उत्साह देखा गया।
प्रतियोगिता के उद्घाटन दिवस पर महिला वर्ग का पहला मुकाबला छत्तीसगढ़ और आगरा की टीमों के बीच खेला गया। रोमांचक मुकाबले में छत्तीसगढ़ की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 2-0 से जीत दर्ज की और विजयी शुरुआत की। मैच के दौरान खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट तालमेल, बेहतरीन सर्विस, मजबूत डिफेंस और आक्रामक खेल का प्रदर्शन किया, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा।
प्रतियोगिता में मास्टर्स 40+ वर्ग के साथ-साथ ओपन गर्ल्स स्पर्धा भी आयोजित की जा रही है, जिसमें देश-विदेश की टीमें भाग ले रही हैं। आयोजन स्थल पर पहले ही दिन खेल प्रेमियों और दर्शकों की अच्छी उपस्थिति रही तथा पूरे क्षेत्र में खेल उत्सव जैसा वातावरण देखने को मिला।
इस अवसर पर श्री मनोज वर्मा, श्री महेन्द्र औसर (पार्षद द्वय), श्री मोहम्मद अकरम खान, श्री अनुराग राठी (संरक्षक), श्री कल्याण सिंह, श्री विक्की वालिया, श्री सुनील शर्मा, अध्यक्ष श्री सैयद अनवर अली, संस्थापक सदस्य मंगलेश्वर सिंह, मार्तण्ड सिंह, जितेंद्र सिंह, पंकज नायक, सचिव रमाकांत निषाद सहित संघ के समस्त सदस्य तथा अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
यह जानकारी हटकेश्वरनाथ वॉलीबॉल संघ, रायपुर द्वारा दी गई।